सौम्यदीप्ता बनर्जी
मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित उनके आवास का मुख्य दरवाजा किसी किले का द्वार होने जैसा आभास देता है, लेकिन बतौर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुकी तबस्सुम हाशमी उर्फ तब्बू अपने रवैये के मुताबिक इसका कोई कारण हमें नहीं बताना चाहतीं। हमसे बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि मैं चार साल बाद आपसे बात कर रही हूं। मैंने ‘चीनी कम’ के बाद कोई प्रॉपर इंटरव्यू नहीं दिया है। मैं ऐसी ही हूं। मेरे घर वाले भी यह बात जानते हैं कि कोई मुझसे मेरी इच्छा के विरुद्ध कुछ करने के लिए नहीं कह सकता।’
बहरहाल, क्या वह आमिर खान की तरह बेहद चूजी नहीं होती जा रही हैं? इसके जवाब में तब्बू कहती हैं, ‘मैं काम अपनी संतुष्टि के लिए करती हूं। मुझे बहुत ज्यादा पैसा नहीं कमाना है। मेरा अंधेरी में एक फ्लैट है और हैदराबाद में एक बड़ा सा बंगला भी है। इससे ज्यादा मुझे और क्या चाहिए। मैं ऐसी-वैसी फिल्में कर ज्यादा पैसा नहीं कमाना चाहती।’
तो क्या वह एक्टिंग से फिल्म-मेकिंग की ओर रुख कर रही हैं? उन्होंने थोड़ा सोचने के बाद जवाब दिया, ‘मैं फिल्म बनाना चाहूंगी। फिलहाल मैं कुछ स्टोरीज पर काम भी कर रही हूं। लेकिन इससे पहले मैं एक लंबा ब्रेक लेकर कुछ देशों की यात्रा करना चाहती हूं।’