जोगिंदर शर्मा
शिमला. हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (एचपीयू) ने पीजी कक्षाओं में इकलौती छात्रा को आरक्षण देने का निर्णय लिया है। ये फायदा सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिन्होंने ग्रेजुएशन भी एचपीयू से की हो। यह आरक्षण आगामी शिक्षा सत्र से लागू होगा।
बताया जाता है कि यह लाभ केवल हिमाचली छात्राओं को ही मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई इस घोषणा से कई छात्राओं को राहत मिली है। आरक्षित सीट के लिए एनरोलमेंट फॉर्म भरते समय ही आवेदन करना होगा। यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. सुनील कुमार गुप्ता का कहना है कि ऐसा निर्णय लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लिया गया है।
यूनिवर्सिटी में पीजी में आरक्षण से कई परिवारों को फायदा होगा। इससे पिछड़े और साधनहीन परिवारों को भी लाभ होगा। एचपीयू में ग्रेजुएशन में पढ़ाए जा रहे सभी विषयों में पीजी होती है। कई बार कम मार्क्स आने की वजह से पीजी में छात्राओं को एडमिशन नहीं मिल पाता। अभी तक पीजी कक्षाओं में किसी भी तरह का आरक्षण नहीं है। अभी प्रदेश में छात्राओं को ग्रेजुएशन तक ट्यूशन फीस माफ है। उनसे केवल अन्य फंड ही लिए जाते हैं। एचपीयू में छात्राओं की संख्या 65 फीसदी है।